-
धर्मशाला में आज राष्ट्रीय बचत राज्य सलाहकार बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक
-
प्रदेश में 20 हजार एजेंट सेविंग्स योजनाओं को घर-घर पहुंचा रहे
-
देहरा में दिखा विकास का नया चेहरा, विपक्ष कर रहा बेबुनियाद आलोचना
धर्मशाला स्थित डीसी कार्यालय में आज राष्ट्रीय बचत राज्य सलाहकार बोर्ड की एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता डीसी कांगड़ा हेमराज बेरवा करेंगे, जबकि बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश चंद करड़ बैठक में दिशा-निर्देश देंगे। करड़ ने देहरा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि बैठक में बोर्ड के पास मौजूद दुकानों, जमीनों, मीटिंग हॉल और अन्य संपत्तियों पर चर्चा कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे बाद में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सौंपा जाएगा।
प्रकाश करड़ ने बताया कि उन्हें दोबारा बोर्ड की जिम्मेदारी दी गई है और वे इसे पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। बैठक से पहले उन्होंने देहरा में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में अधिकारियों, कांग्रेस नेताओं और स्थानीय नागरिकों से भेंट भी की।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेशभर में करीब 20,000 स्मॉल सेविंग्स एजेंट कार्यरत हैं जो गांव-गांव जाकर लोगों को राष्ट्रीय बचत योजनाओं से जोड़ रहे हैं। वर्तमान में करीब 7 लाख लोग इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। आने वाले समय में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर और लोगों को जोड़ा जाएगा।
देहरा क्षेत्र के दौरे को लेकर करड़ ने कहा कि इस बार उन्हें विकास का नया रूप देखने को मिला। उन्होंने स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र ने नए आयाम छुए हैं।
साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवा रहे हैं और हर वर्ग तक सरकारी योजनाएं पहुंच रही हैं। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास कोई ठोस जनहित मुद्दा नहीं है, इसलिए वे सिर्फ बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं।
इस बैठक के दौरान हिमाचल प्लानिंग कमेटी के सदस्य जीवन कुमार, मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सलाम दीन, कांग्रेस नेता मदन लाल डोगरा, परपिंदर सिंह और पोस्टमास्टर राकेश कुमार भी उपस्थित रहे।



