Follow Us:

विश्व पर्यावरण दिवस पर कुल्लू में “नेचर ट्रेल्स” का आयोजन, प्रकृति से जुड़ाव और संरक्षण का संदेश

  • कुल्लू के नेचर पार्क मोहल में ब्रह्माकुमारी मेडिटेशन सेंटर व कृषि अपडेट्स का संयुक्त आयोजन

  • राजयोग ध्यान, प्रकृति सैर और सामूहिक चिंतन से प्रकृति से गहरा जुड़ाव

  • 50 प्रतिभागियों ने प्रकृति संरक्षण की ली शपथ, भविष्य में और आयोजन की सहमति


Nature Trails Kullu: विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज मेडिटेशन सेंटर, कुल्लू और कृषि अपडेट्स ने 8 जून को नेचर पार्क मोहल में “नेचर ट्रेल्स” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति करुणा, ध्यान और प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत सहभागियों के आपसी संवाद से हुई, जिसके बाद बीके किरण जी ने सभी को राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया। ध्यान के पश्चात सभी प्रतिभागी 20 मिनट की प्रकृति सैर पर निकले, जिसमें उन्होंने करुणा के साथ प्राकृतिक वातावरण, वृक्षों, ध्वनियों और ऊर्जा का गहराई से अनुभव किया।

इस अभ्यास का उद्देश्य मानव जीवन की प्राकृतिक तत्वों पर निर्भरता को समझना और यह महसूस करना था कि हमारा लालच किस तरह प्रकृति को नुकसान पहुंचा रहा है। प्रकृति के कंपन को महसूस कर सभी ने धन्यवाद और संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने नेचर पार्क के केन्द्रीय स्थल पर एकत्र होकर अपने अनुभव साझा किए और नेचर एवं उसके तत्वों के संरक्षण की शपथ ली। इस सत्र में कुल लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया और भविष्य में इस तरह के और आयोजनों की सहमति भी व्यक्त की।

कृषि अपडेट्स, एक डिजिटल कृषि मॉडल, हिमालयी समुदायों में करुणा आधारित विकास और सिस्टम थिंकिंग (interdependence) को बढ़ावा देता है। यह सामाजिक शिक्षण नेटवर्क बनाकर सहकर्मी से सहकर्मी शिक्षा और आवश्यकता आधारित मिश्रित प्रशिक्षण के ज़रिए टिकाऊ पर्वतीय कृषि समाधानों को बढ़ावा देता है। हाल ही में कृषि अपडेट्स यूएनडीपी कॉन्शियस फूड सिस्टम्स एलायंस का सदस्य बना है और कॉन्शियस फूड सिस्टम्स लीडरशिप प्रोग्राम, 2025 के वैश्विक समूह का हिस्सा है।