Follow Us:

किन्नर कैलाश यात्रा में लापता श्रद्धालु का शव NDRF ने 14 हजार फीट से किया बरामद

➤ 14 हजार फीट की ऊंचाई पर हुआ सफल रेस्क्यू

➤ NDRF ने 350 फीट नीचे से निकाली लापता तीर्थयात्री की शव

➤ हादसा हुआ गणेश गुफा के पास, टीम ने 5 घंटे किया पैदल ट्रैक

 

पराक्रम चंद, शिमला


हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में किन्नर कैलाश यात्रा के दौरान गणेश गुफा के पास खाई में गिरकर लापता हुए एक तीर्थयात्री का शव आखिरकार 14वीं बटालियन एनडीआरएफ की टीम ने 350 फीट नीचे से सफलतापूर्वक बरामद किया। यह अभियान कठिन भू-भाग, उच्च ऊंचाई और प्राकृतिक आपदा की स्थिति में चलाया गया, जिसमें NDRF के जवानों ने अपनी कुशलता और साहस का परिचय दिया।

घटना 6 अगस्त को हुई जब एक तीर्थयात्री फ्लैश फ्लड की स्थिति में गणेश गुफा के पास से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया। इस सूचना पर उपायुक्त किन्नौर द्वारा एनडीआरएफ से सहायता मांगी गई। इसके बाद SI/GD गोविंद मीणा के नेतृत्व में माउंटेन रेस्क्यू टीम को 7 अगस्त को रवाना किया गया।

टीम ने करीब 5 घंटे तक खतरनाक पैदल ट्रैकिंग करते हुए लगभग 14,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित दुर्घटनास्थल तक पहुंच बनाई। खोजबीन के दौरान तीर्थयात्री का शव 350 फीट गहराई में मिला। विषम परिस्थिति में भी एनडीआरएफ की टीम ने साहसिकता और तकनीकी दक्षता से शव को सुरक्षित बाहर निकाला।

एनडीआरएफ ने इस अभियान के जरिए एक बार फिर यह दर्शाया कि जोखिमपूर्ण और दुर्गम क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए उनकी समर्पण भावना और प्रोफेशनलिज़्म अद्वितीय है। टीम की यह तत्परता, कठिन मौसम में कार्यशीलता, और प्रशिक्षण नागरिकों के जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण साबित होती है।