Follow Us:

पालमपुर में महिला ने डीजल छिड़ककर लगा ली आग, मौत

  • ग्राम पंचायत नछीर (बंदला) में 57 वर्षीय महिला ने आत्मदाह किया

  • डीजल डालकर खुद को आग लगाई, पहाड़ी से गिरने से हुई मौत

  • मानसिक रूप से परेशान थी, ओझा से झाड़-फूंक भी करवाई गई थी


Woman Self-Immolation in Kangra:  हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के विकास खंड पालमपुर की ग्राम पंचायत नछीर (बंदला) में नेपाली मूल की 57 वर्षीय महिला ने खुद को आग लगाकर आत्मदाह कर लिया। यह घटना बुधवार तड़के करीब 4 बजे हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अपने बुजुर्ग पति के साथ पिछले आठ साल से यहां रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। मंगलवार को परिवार के सदस्यों ने उसे एक ओझा के पास झाड़-फूंक के लिए भी ले जाया था, लेकिन उसका मानसिक तनाव कम नहीं हुआ।

बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे महिला ने घर में रखे डीजल को अपने ऊपर उड़ेल लिया और फिर एक किलोमीटर दूर जाकर खुद को आग लगा ली। आग की चपेट में आने के बाद वह अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी ढांक से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुछ लोगों का यह भी कहना है कि महिला धूम्रपान करती थी और संभवतः बीड़ी जलाने के दौरान शरीर पर उड़ेला गया डीजल आग पकड़ गया। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का सही खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस घटना के पीछे के सही कारणों की जांच की जा रही है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ जारी है।