-
हमीरपुर में 25 जून तक तैयार होगी नई बीपीएल सूची, अंतिम अनुमोदन ग्राम सभा के बाद
-
खंड विकास कार्यालय द्वारा आवेदन की छंटनी प्रक्रिया जारी, 17 मई तक मांगे गए थे आवेदन
-
गठित टीम घर-घर जाकर कर रही पात्र बीपीएल परिवारों का सर्वेक्षण, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पटवारी शामिल
हमीरपुर , समित : पंचायती राज विभाग की नई गाइडलाइनों के तहत जिला हमीरपुर में पात्र बीपीएल परिवारों का चयन कार्य तेजी से चल रहा है। खंड विकास अधिकारी हमीरपुर हिमांशी शर्मा ने जानकारी दी है कि 25 जून 2025 तक नई बीपीएल सूची तैयार करके सार्वजनिक की जाएगी। इसके लिए गठित टीमों द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जा रहा है।
बीडीओ हिमांशी शर्मा ने बताया कि 17 मई 2025 तक बीपीएल के लिए आवेदन मांगे गए थे, जिनकी अब छंटनी प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया में पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पटवारी शामिल हैं। ये टीमें घर-घर जाकर पात्रता की जांच कर रही हैं और उसी आधार पर बीपीएल सूची तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में प्रस्तावित सूची को रखा जाएगा, जहां इसे सार्वजनिक रूप से जांचा जाएगा और आपत्तियों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद ही सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। बीडीओ ने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को सूची में त्रुटि का संदेह है, तो उसके पास अपील करने का भी प्रावधान रखा गया है।
हिमांशी शर्मा ने जनता से आग्रह किया कि वे सर्वे टीम को सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को बीपीएल श्रेणी में शामिल किया जा सके।



