Follow Us:

धर्मशाला में एनआईए की छापेमारी


➤मैक्लोडगंज में एनआईए ने तड़के मारा छापा
➤सनी कम्युनिकेशन सेंटर के दस्तावेज खंगाले गए
➤रूसी महिला से विवाह और लेन-देन की जांच

पराक्रम चंद, शिमला


धर्मशाला के मैक्लोडगंज में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने छापा मारा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एनआईए की टीम ने नौरोजी रोड स्थित वार्ड नंबर-4 में “सनी कम्युनिकेशन सेंटर” के मालिक सनी के ठिकाने पर यह रेड की। सूत्रों के अनुसार, टीम ने बैंक खातों, दस्तावेजों और अंतरराष्ट्रीय लेन-देन से जुड़े सभी कागजों की गहन जांच की।

सनी का नाम रूस की एक महिला से विवाह के चलते भी जांच के घेरे में आया है। अधिकारियों को संदेह है कि विवाह के बाद कुछ संदिग्ध विदेशी लेन-देन हुए हैं। इसी कड़ी में मकलोडगंज के टेम्पल रोड पर स्थित सनी कम्युनिकेशन सेंटर के अलावा उसके तीन मंजिला नवनिर्मित मकान को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

एनआईए की टीम ने तड़के पहुंचकर घर के सभी कमरों और दफ्तर की तलाशी ली। मौके पर डिजिटल उपकरण, लैपटॉप, कंप्यूटर हार्डडिस्क और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। अधिकारियों ने अभी तक किसी तरह की औपचारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन पूरे प्रकरण को उच्चस्तरीय सुरक्षा नजरिए से गंभीर माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों में इस छापे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से घटनास्थल पर कड़ी निगरानी रखी है और एनआईए की कार्रवाई पूरी होने तक किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही सीमित कर दी गई है। इस छापे को लेकर एनआईए जल्द ही औपचारिक बयान जारी कर सकती है।