Follow Us:

गडकरी का बड़ा ऐलान: ₹3,000 में सालाना टोल फ्री यात्रा

➤ नितिन गडकरी ने ₹3,000 वार्षिक फास्टैग पास का एलान किया
➤ पास 15 अगस्त से लागू, निजी वाहनों को विशेष लाभ
➤ एक साल या 200 यात्रा तक पूरे नेशनल हाईवे पर मान्य



GadkariAnnouncement: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए देशभर के निजी वाहन चालकों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2025 से ₹3,000 की कीमत वाला FASTag आधारित वार्षिक पास शुरू किया जाएगा, जो गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों जैसे कार, जीप और वैन के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।

इस वार्षिक पास के तहत उपयोगकर्ता को सक्रिय होने की तारीख से एक वर्ष या 200 यात्राओं, जो भी पहले पूरी हो, तक टोल मुक्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर लागू होगी, जिससे यात्रियों को टोल भुगतान की बार-बार झंझट से छुटकारा मिलेगा।

गडकरी ने बताया कि इस सुविधा को सक्रिय करने और नवीनीकरण के लिए जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप और NHAI तथा MoRTH की वेबसाइट्स पर एक अलग लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यह नीति 60 किलोमीटर के दायरे में आने वाले टोल प्लाजाओं को लेकर लोगों के बीच लंबे समय से चल रही शिकायतों को दूर करेगी। इसके तहत सुलभ लेनदेन प्रणाली लागू की जाएगी जिससे टोल भुगतान और यात्रा अनुभव दोनों सहज होंगे।

नितिन गडकरी ने इस योजना को लेकर यह भी कहा कि यह प्रतीक्षा समय को कम, टोल प्लाजा पर भीड़ और विवाद को समाप्त कर, देश के लाखों निजी वाहन चालकों को तेज, सुविधाजनक और विवाद-रहित यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

यह कदम न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार का संकेत है, बल्कि डिजिटल इंडिया, ग्रीन हाईवे, और वन नेशन वन टोल नीति की दिशा में एक मजबूत प्रगति है।