Follow Us:

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रक्षा बंधन पर की क्‍या अपील, जानें

➤ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आधिकारिक निवास पर मनाया रक्षाबंधन
➤ भारी बारिश से हालात गंभीर, प्रभावितों और पर्यटकों का ध्यान रखने की अपील
➤ प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं



शिमला: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला स्थित अपने आधिकारिक निवास पर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस अवसर पर उनके निवास पर पहुंचीं बहनों ने उन्हें राखी बांधी। उन्होंने सभी बहनों के सुखद, मंगलमय और यशस्वी जीवन की कामना की। जयराम ठाकुर ने पूरे प्रदेशवासियों को भाई-बहन के अटूट प्रेम और समर्पण के प्रतीक रक्षाबंधन की बधाई देते हुए उनके सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि बीते 48 घंटों में हुई भारी बारिश से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। चंडीगढ़-मनाली हाईवे कई स्थानों पर बंद है और पूरे कुल्लू जिला में हालात बेहद खराब हैं। बिलासपुर में भी भारी नुकसान हुआ है, जबकि ऊना समेत अन्य क्षेत्रों में पहले से हुए बारिश के नुकसान में और इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि खासकर पर्यटन क्षेत्रों में बारिश के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

जयराम ठाकुर ने सरकार और प्रशासन से आग्रह किया कि आपदा प्रभावितों के साथ-साथ पर्यटकों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, उन्होंने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से अपील की कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।