Himachal Budget Session Controversy: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का आगामी बजट सत्र राजनीतिक खींचतान का केंद्र बन गया है। विपक्षी दल भाजपा ने सत्र की अवधि को छोटा करने के लिए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दावा किया कि सरकार भ्रष्टाचार, नशे की बढ़ती समस्या, बेरोजगारी और पेंशन से जुड़े सवालों से बचने के लिए सत्र को कम कर रही है। उन्होंने मांग की कि सत्र को विस्तारित किया जाए ताकि विपक्ष सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर सके।
शिमला के कालीबाड़ी हॉल में भाजपा महिला मोर्चा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचे जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स को समय पर वेतन और पेंशन देने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार केंद्र से मिलने वाले विकास के फंड को वेतन और पेंशन में खर्च कर रही है। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, डेढ़ लाख रिक्त पद समाप्त कर दिए गए हैं और हजारों आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी से निकाला जा चुका है।
हिमकेयर योजना को लेकर भी जयराम ठाकुर ने सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आम लोगों की चिंता छोड़कर केवल अपनी सत्ता बचाने में लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार हिमकेयर योजना में बदलाव की योजना बना रही है और कई वर्गों को इस योजना के लाभ से बाहर कर दिया गया है।
महिला दिवस के मौके पर जयराम ठाकुर ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को 33% आरक्षण देने के फैसले की तारीफ की। साथ ही, उन्होंने उज्ज्वला योजना, हिमाचल की गृहिणी सुविधा योजना और सरकारी बसों में महिलाओं के लिए आधे किराए जैसी पहलों का जिक्र किया, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है।



