➤ स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025 में परवाणू देश में दूसरे स्थान पर
➤ 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार हिमाचल को मिला
➤ स्थानीय प्रशासन, प्रदूषण बोर्ड और जनता के प्रयासों का नतीजा
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणु शहर ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा मुकाम हासिल किया है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025 में परवाणु को देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और पर्यावरण के क्षेत्र में किए गए सतत प्रयासों की बड़ी पहचान है।
नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने हिमाचल प्रदेश को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर परवाणु शहर को स्वच्छ वायु श्रेणी में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया।
यह सर्वेक्षण भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत करवाया गया था। खास बात यह रही कि देश के तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में परवाणु को दूसरे स्थान पर आंका गया है।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि यह सफलता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत विकास की नीतियों का परिणाम है। परवाणु में वायु गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जो कदम उठाए गए, वे पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में स्थानीय प्रशासन, प्रदूषण बोर्ड और जनता का सामूहिक योगदान है। लोगों की जागरूकता और भागीदारी ने परवाणु को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। यह सम्मान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए प्रयासों का प्रतीक है, बल्कि यह राज्य को आगे भी हरित और स्वच्छ बनाने की प्रेरणा देगा।



