Follow Us:

हिमाचल सरकार ने लागू की ‘पशु मित्र पॉलिसी-2025’, 5000 रुपए मानदेय मिलेगा

➤ हिमाचल सरकार ने ‘पशु मित्र पॉलिसी-2025’ को नोटिफाई किया
➤ पशुपालन विभाग में क्लास फोर पदों पर होंगे पशु मित्र, 5000 रुपए मानदेय
➤ शिक्षा विभाग ने खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 से बढ़ाकर 250 रुपए की

 हिमाचल प्रदेश सरकार ने पशुपालन विभाग में बड़ा कदम उठाते हुए ‘पशु मित्र पॉलिसी-2025’ को नोटिफाई कर दिया है। इस पॉलिसी के तहत पशुपालन विभाग में क्लास फोर पदों के स्थान पर पशु मित्र (मल्टी टॉस्क वर्कर) की भर्ती की जाएगी। चयनित पशु मित्रों को प्रतिमाह 5000 रुपए मानदेय मिलेगा और उनसे रोजाना चार घंटे ड्यूटी ली जाएगी।

इन पदों पर भर्ती के लिए जिलावार डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन विभाग विज्ञापन जारी करेंगे। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। चयन प्रक्रिया में सबसे पहले फिजिकल टेस्ट होगा, जिसमें अभ्यर्थी को 25 किलो वजन उठाकर 100 मीटर दूरी एक मिनट में पूरी करनी होगी।

फिजिकल टेस्ट पास करने वालों को शैक्षणिक योग्यता के 85 अंक, पालतू पशु होने पर 4.5 अंक, पंचायत स्तर पर लोकल रेजिडेंट को 1 अंक, वहीं एससी, एसटी, ओबीसी को 1 अंक, विधवा, तलाकशुदा व सिंगल वूमेन को 1.5 अंक, बीपीएल व ईडब्ल्यूएस उम्मीदवार को 1.5 अंक, सिंगल बेटी/अनाथ को 1 अंक, लैंड लेस या एक हैक्टेयर से कम भूमि वालों को 2 अंक, और एनएसएस सर्टिफिकेट धारकों को 1 अंक अतिरिक्त मिलेगा। चयन पूरी तरह मेरिट आधार पर होगा। महिलाओं को 180 दिन मातृत्व अवकाश और मिसकैरेज की स्थिति में 45 दिन छुट्टी दी जाएगी। हालांकि पशु मित्रों को भविष्य में रेगुलर करने का कोई दावा मान्य नहीं होगा।

वहीं दूसरी ओर, शिक्षा विभाग ने भी बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ा दी है। अब तक अंडर-12 और अंडर-14 प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 120 रुपए प्रतिदिन दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 250 रुपए कर दिया गया है। विभाग ने खिलाड़ियों के लिए नया मेन्यू कार्ड भी जारी किया है।

ब्रेकफास्ट में ब्रेड स्लाइस, बटर, परांठा, दही, चाय, कॉफी, दूध और फल मिलेंगे।
लंच में पनीर, चावल, रोटी/पुरी, पापड़, सलाद, आचार, दो दालें, मौसमी सब्जी, दही/रायता और स्वीट डिश शामिल होगी।
रिफ्रेशमेंट में फल और जूस दिए जाएंगे।
डिनर में मौसमी सब्जी, चावल, रोटी/पुरी, पापड़, सलाद, आचार, दो दालें, नॉनवेज/पनीर और स्वीट डिश परोसी जाएगी।