- जमीन की निशानदेही के एवज में 5000 और 3000 रुपये की रिश्वत मांगी
- राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पराक्रम चंद
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के इन्दौरा क्षेत्र में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उत्तरी रेंज धर्मशाला की टीम ने इन्दौरा तहसील के सूरजपुर ब्लॉक में तैनात फील्ड कानूनगो संजीव कुमार और डमटाल पटवार सर्कल में पुनर्नियुक्त पटवारी देश राज को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता भूरी सिंह निवासी इन्दौरा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी जमीन की निशानदेही करने के लिए दोनों अधिकारियों ने उससे रिश्वत की मांग की। इस पर कानूनगो संजीव कुमार ने 5000 रुपये और पटवारी देश राज ने 3000 रुपये की रिश्वत मांगी।
राज्य सतर्कता ब्यूरो ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाल बिछाया और दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 07 के तहत पुलिस थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कांगड़ा धर्मशाला में मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ जांच जारी है और आने वाले समय में और भी खुलासे हो सकते हैं।



