➤ एरियर और डीए भुगतान को लेकर कसौली में पेंशनर्स का विरोध
➤ केडी शर्मा ने सरकार को चेताया आंदोलन के लिए
➤ पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम के माध्यम से सौंपा
हिमानी ठाकुर, सोलन
सोलन जिले के कसौली क्षेत्र में आज पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों ने एरियर और महंगाई भत्ते (डीए) के लंबित भुगतान को लेकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध सोलन पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन की मासिक बैठक के दौरान किया गया, जिसकी अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष केडी शर्मा ने की।
धरना प्रदर्शन गड़खल बाजार से लेकर किम्मुघाट तक किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने सनावर रोड स्थित पंचायत घर गड़खल में इकट्ठा होकर एसडीएम के माध्यम से सरकार को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
केडी शर्मा ने सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधायकों और मंत्रियों के भत्ते बढ़ाने में सरकार को कोई वित्तीय संकट नहीं दिखता, लेकिन जब पेंशनर्स के एरियर और डीए की बात आती है तो उसे वित्तीय स्थिति का हवाला देकर टाल दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं यह घोषणा कर चुके हैं कि संशोधित वेतनमान का एरियर भुगतान चरणबद्ध ढंग से किया जाएगा, लेकिन मार्च 2024 के बाद अब तक कोई भुगतान नहीं हुआ है।
संगठन ने यह भी चेतावनी दी कि यदि एरियर और डीए की किस्तों का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया, तो प्रदेशभर के पेंशनर्स आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन सोलन के पदाधिकारी गोविंद राम भारद्वाज (जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष), जगदीश पंवर (महासचिव), मनसा राम (कोषाध्यक्ष) और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से एक बार फिर सरकार पर दबाव बनाया गया है कि वृद्ध पेंशनर्स को उनका हक समय पर मिले, अन्यथा संगठन बड़ा आंदोलन शुरू करेगा।



