Follow Us:

भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह में पीएम ने जारी किया सौ रुपये का स्मृति सिक्का

PM मोदी ने गुवाहाटी में भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी
कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन और 100 रुपये का स्मृति सिक्का जारी किया गया
रविवार को करेंगे 19 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर दौरे के बाद असम पहुंचे, जहां उन्होंने गुवाहाटी में भारत रत्न भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती पर आयोजित भव्य समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भूपेन हजारिका को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि वे भारत की एकता और अखंडता के महानायक थे।

इससे पहले गुवाहाटी में पीएम मोदी ने रोड शो किया। सड़क किनारे खड़े लोगों ने उन पर फूल बरसाए और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरा माहौल उत्सव जैसा नजर आया।

समारोह में प्रधानमंत्री ने भूपेन हजारिका पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन किया और उनकी जयंती के उपलक्ष्य में 100 रुपये का स्मृति सिक्का भी जारी किया। उन्होंने कहा कि भूपेन दा की आवाज आज भी लोगों को ऊर्जा देती है और उनका संगीत “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना का प्रतीक है।

मोदी ने कहा कि जब पूर्वोत्तर उपेक्षा और हिंसा से जूझ रहा था, तब भूपेन हजारिका ने अपने गीतों से भारत की एकता को मजबूती दी। उन्होंने पूर्वोत्तर के विकास का सपना देखा था और आज सरकार उसी दिशा में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने असम और अरुणाचल को जोड़ने वाले देश के सबसे लंबे ब्रिज का नाम भूपेन हजारिका ब्रिज रखकर उन्हें सम्मान दिया है।

समारोह में 1,200 कलाकारों ने भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि असम की जनता हमेशा याद रखेगी कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी 100वीं जयंती पर शामिल होकर भूपेन दा को सम्मानित किया।

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को दरांग जिले के मंगलदोई और गोलाघाट जिले के नुमालिगढ़ रिफाइनरी का दौरा करेंगे। यहां वे 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे कोलकाता रवाना होंगे।