➤ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया
➤ पीएम ने 1500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और प्रभावित परिवारों को मुआवज़ा देने की घोषणा की
➤ केंद्र सरकार ने पुनर्निर्माण, किसानों और शिक्षा क्षेत्र के लिए अतिरिक्त राहत उपायों का आश्वासन दिया
हिमाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन से मचे कहर का जायज़ा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 सितंबर 2025 को राज्य का दौरा किया। पीएम ने सबसे पहले हवाई सर्वेक्षण कर प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया और फिर कांगड़ा में उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की और राज्य को 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही दूसरी किस्त SDRF और पीएम किसान सम्मान निधि की अग्रिम किस्त जारी करेगी। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षतिग्रस्त मकानों का जियोटैगिंग किया जाएगा, जिससे प्रभावित परिवारों तक शीघ्र मदद पहुंच सके। किसानों के लिए विशेष सहायता पैकेज का ऐलान किया गया है, खासकर उन किसानों के लिए जिनके पास बिजली कनेक्शन नहीं है।
हवाई सर्वेक्षण के जरिए हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति का जायजा लिया। इस कठिन समय में हम प्रदेश के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। इसके साथ ही प्रभावित लोगों की मदद के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। pic.twitter.com/PS0klVwo5c
— Narendra Modi (@narendramodi) September 9, 2025
शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्कूलों को भी क्षति रिपोर्ट करने और जियोटैगिंग करने की सुविधा दी जाएगी। जल संकट से निपटने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर और ग्राउंड वाटर रिचार्ज की नई परियोजनाएं शुरू करने की बात कही गई।
पीएम मोदी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर इस कठिन समय में हर संभव मदद करेंगे।
प्रधानमंत्री ने NDRF, SDRF, सेना और आपदा मित्र स्वयंसेवकों की मेहनत और तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अंतर-मंत्रालयी टीम पहले ही राज्य का दौरा कर चुकी है और उनकी रिपोर्ट आने के बाद और भी राहत पैकेज पर विचार होगा।
पीएम मोदी ने यह भरोसा भी दिलाया कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को आपदा से उबारने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता पर रखा जाएगा।



