Follow Us:

पीएम मोदी का राष्ट्र को संबोधन आज रात 8 बजे

  • यह संबोधन ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला आधिकारिक बयान होगा

  • भारत-पाक तनाव, सीजफायर और सैन्य तैयारी पर देश को मिलेगा अपडेट

  • समाचार फर्स्‍ट  फेसबुक‍ पेज और यू ट्यूब  चैनल पर देखें लाइव

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय पर हो रहा है जब हाल ही में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया, जिसके बाद पाकिस्तान के साथ तनाव चरम पर पहुंच गया था। यह मोदी का ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश को पहला आधिकारिक बयान होगा, जिस पर न केवल भारत बल्कि दुनिया भर की निगाहें टिकी हुई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी इस संबोधन में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले, उसके जवाब में 7 मई को हुए भारतीय सैन्य कार्रवाई (ऑपरेशन सिंदूर) और उसके बाद पाकिस्तान की प्रतिक्रिया जैसे मुद्दों पर बात कर सकते हैं। इसके अलावा सीजफायर समझौते, सीमा पर तैनाती, और रक्षा तैयारियों पर भी प्रधानमंत्री देशवासियों को जानकारी देंगे।

सेना के तीनों अंगों के वरिष्ठ अधिकारियों — लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, एयर मार्शल ए.के. भारती और वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद — ने हाल ही में प्रेस वार्ता में बताया कि भारत के पास एक सशक्त और आधुनिक वायु रक्षा तंत्र है, जो हर खतरे से निपटने में सक्षम है। डीजीएमओ राजीव घई ने बताया कि पाकिस्तान ने भारत के एयरफील्ड्स पर हमला करने की कोशिश की लेकिन सभी प्रयास भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम के चलते नाकाम रहे।

इस दौरान बीएसएफ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने काउंटर अलार्म सिस्टम के जरिए पाकिस्तान के इरादों को विफल किया। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायुसेना की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के कारण पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

गौरतलब है कि पाकिस्तान ने भारत के जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर व जैसलमेर जैसे सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। लेकिन भारत की सेना ने हर मोर्चे पर जवाब देकर पाकिस्तान को सीजफायर की अपील करने पर मजबूर कर दिया

अब जब स्थिति नियंत्रण में है, प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन न केवल रणनीतिक दिशा तय करेगा बल्कि आने वाले दिनों के लिए भारत की सुरक्षा और कूटनीति नीति पर भी प्रकाश डालेगा।