Mann Ki Baat 120th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 120वां संस्करण रविवार को देशभर में बूथ स्तर पर सुना गया। हिमाचल प्रदेश के पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बूथ नंबर 7, गद्दी बहुल ग्राम पंचायत राख में यह कार्यक्रम विशेष रूप से ऐतिहासिक बन गया, जब गांव के पुरुषों और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में इस आयोजन में भाग लिया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राख गांव के इस कार्यक्रम को विशेष रूप से लाइव प्रसारण से जोड़ा गया, जिससे यह हिमाचल प्रदेश का एकमात्र बूथ बना जिसे यह सम्मान मिला। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, जिला भाजपा अध्यक्षा रागिनी रकवाल, पालमपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेश पठानिया, मंडल सचिव राजेश गुलरिया, बूथ अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर, ग्राम पंचायत के प्रधान और वार्ड पंच सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने इस विशेष आयोजन के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का आभार जताया। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और प्रांत संगठन महामंत्री सिद्धार्थन जी का भी धन्यवाद किया कि हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े जनजातीय गद्दी बहुल गांव को यह विशेष अवसर प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल संरक्षण, योग और आदिवासी समुदायों के उत्पादों की महत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गर्मियों में जल की बचत हर नागरिक का कर्तव्य है और योग व्यक्ति का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। साथ ही, आदिवासी समुदायों के उत्पादों की गुणवत्ता और उनके परिश्रम की वैश्विक स्तर पर बड़ी मांग है। प्रधानमंत्री के इस संदेश से गांववासियों में भी जागरूकता और उत्साह देखने को मिला।



