Follow Us:

प्रतिभा सिंह बोलीं- हिमाचल कांग्रेस को चाहिए कद्दावर नेतृत्व

  • प्रतिभा सिंह ने विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में दिया बयान

  • कहा, कद्दावर नेता को सौंपी जाए हिमाचल कांग्रेस की कमान

  • वीरभद्र सिंह की विरासत को आगे बढ़ाने की बात दोहराई


HP Congress President: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक स्पष्टता और पारिवारिक जुड़ाव का परिचय देते हुए बेटे विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में बयान दिया है। कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन बीते छह महीने से लंबित है, और इस बीच संगठनात्मक बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं।

इन अटकलों के बीच प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन की बागडोर किसे सौंपी जाए यह फैसला पूरी तरह आलाकमान के अधिकार क्षेत्र में आता है, लेकिन हिमाचल जैसे संवेदनशील और राजनीतिक दृष्टि से अहम राज्य में किसी कद्दावर और प्रभावी नेता को ही नेतृत्व सौंपा जाना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अध्यक्ष केवल एक औपचारिक चेहरा नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जो संगठन को मजबूती दे सके, कार्यकर्ताओं को जोड़े और जनता से सीधा संवाद रख सके।

प्रतिभा सिंह ने अपने दिवंगत पति और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की राजनीतिक शैली का उदाहरण देते हुए कहा कि, “वीरभद्र सिंह ने कभी क्षेत्रवाद या गुटबाजी को हावी नहीं होने दिया। आज भी प्रदेश के लोग उनकी नीतियों और कामों को याद करते हैं। कांग्रेस को उन्हीं के दिखाए रास्ते पर चलने की जरूरत है।”

उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी का आलाकमान जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी का गठन करेगा, जिससे प्रदेश में संगठनात्मक स्पष्टता आएगी और चल रही सियासी चर्चाओं पर विराम लगेगा।