➤ प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में राहुल गांधी संग बैठक को बताया सार्थक
➤ हिमाचल में जल्द कांग्रेस कार्यकारिणी गठन का संकेत
➤ संगठन में युवाओं को जगह और कर्मठ कार्यकर्ताओं को सम्मान की मांग
शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को शिमला में प्रेस वार्ता कर दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ हुई अहम बैठक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बैठक राहुल गांधी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रतिभा सिंह ने बताया कि लंबे समय से लंबित चल रहे प्रदेश कार्यकारिणी के गठन और संभावित नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर भी बैठक में गंभीर विमर्श हुआ है। हाईकमान ने इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया है ताकि संगठन को नई ऊर्जा मिल सके।
उन्होंने स्वीकार किया कि कार्यकारिणी गठन में हो रही देरी से कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल है और इस स्थिति को बदलना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवाओं को भी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए ताकि संगठन संतुलन और गतिशीलता के साथ आगे बढ़ सके।
कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने यह भी मांग की कि पार्टी और सरकार में कर्मठ कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड और निगमों में नियुक्तियों को लेकर भी उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी है।
अपनी भूमिका को लेकर प्रतिभा सिंह ने कहा कि जब उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली, तब उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूती प्रदान की थी और आगे भी जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वे हमेशा उन्हें संगठन को मजबूत करने की सीख देते थे और आज भी वे उन्हीं के सिद्धांतों पर कार्य कर रही हैं।



