➤ प्रियंका गांधी छुट्टियां मनाने शिमला के छराबड़ा पहुंचीं
➤ चार-पांच दिन निजी प्रवास, किसी से मुलाकात नहीं करेंगी
➤ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, पुलिस तैनात
देश में नकली वोटों को लेकर चल रहे विवााद के बीच वायनाड से सांसद और एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला पहुंचीं। दोपहर करीब पौने एक बजे वह छराबड़ा स्थित अपने निजी आवास पर पहुंचीं, जहां वह अगले चार से पांच दिन छुट्टियां बिताएंगी। प्रियंका गांधी दिल्ली से चंडीगढ़ हवाई मार्ग से आईं और वहां से सड़क मार्ग के जरिए शिमला पहुंचीं। उनका यह दौरा पूरी तरह निजी है और इस दौरान वह किसी भी राजनेता या संगठन से मुलाकात नहीं करेंगी।

प्रियंका गांधी का घर शिमला से करीब 13 किलोमीटर दूर राष्ट्रपति निवास रिट्रीट के पास पहाड़ी शैली में बना हुआ है। वह यहां अक्सर परिवार के साथ समय बिताने आती हैं। इस बार भी उनके साथ करीबी सुरक्षाकर्मी और काफिले में शामिल गाड़ियां देखी गईं। बताया जा रहा है कि छुट्टियों के दौरान वह हनुमान मंदिर जाखू भी जा सकती हैं।

गौरतलब है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी कई बार इस घर में आ चुके हैं। प्रियंका के आगमन को देखते हुए छराबड़ा में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने उनके आवास के आसपास जवान तैनात कर दिए हैं और हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न होने देने के निर्देश दिए हैं।



