- राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2025 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या पंजाबी गायक सुक्खी और बॉलीवुड सिंगर ऋतु पाठक के नाम रही
- राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने दीप प्रज्ज्वलित कर संध्या का शुभारंभ किया और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की
- कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं, राज्यपाल ने नशे के खिलाफ जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया
Sujanpur Holi Festival 2025: हमीरपुर जिले के सुजानपुर में आयोजित राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव-2025 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या पंजाबी गायक सुक्खी और बॉलीवुड सिंगर ऋतु पाठक की प्रस्तुति के नाम रही। इस सांस्कृतिक संध्या में विशेषकर सुक्खी के पंजाबी गानों ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने पंजाबी बीट्स का भरपूर आनंद उठाया। बॉलीवुड सिंगर ऋतु पाठक ने भी अपने शानदार गीतों से समां बांधा और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोक कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को रंगीन बना दिया। पारंपरिक लोक गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने स्थानीय संस्कृति की झलक पेश की। संध्या का शुभारंभ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है, और यहां की परंपराओं को सहेजने की परंपरा ने इसे “देवभूमि” का दर्जा दिलाया है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर वासियों ने सदियों पुरानी होली परंपरा को जीवंत बनाए रखा है, जो सराहनीय है। राज्यपाल ने इस उत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा कि इससे प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को और मजबूती मिलेगी।

अपने संबोधन में उन्होंने हिमाचल प्रदेश की शिक्षा, आर्थिक विकास और अन्य क्षेत्रों में हो रही प्रगति की भी सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई और समाज को इससे बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने राज्यपाल का स्वागत किया और चार दिवसीय उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिलाधीश एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, एसपी भगत सिंह ठाकुर, एडीएम राहुल चौहान, मेला अधिकारी एवं एसडीएम संजीत सिंह, मेला पुलिस अधिकारी एवं एएसपी राजेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, नगर परिषद के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



