➤आर.एस. बाली ने गांधी मैदान सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया
➤शहर में 50.25 करोड़ की योजनाओं का भूमि पूजन और काम शुरू
➤व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी न होने का आश्वासन
Nagrota Development: हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक गांधी मैदान में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने 26 जून को नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए 50.25 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का भूमि पूजन किया था। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि भूमि पूजन के तुरंत बाद इन सभी योजनाओं पर काम भी आरंभ कर दिया गया।

गांधी मैदान के सौंदर्यीकरण पर 4.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और इसे पूरी कर्तव्यनिष्ठा से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान स्थानीय व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
गांधी मैदान की चारदीवारी, भव्य स्टेज, आधुनिक लाइटिंग और सुंदर फूलों के पौधारोपण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। साथ ही यह मैदान मेला मैदान से फ्लाईओवर के माध्यम से जोड़ा जाएगा। आर.एस. बाली ने गांधी मैदान से सटी सड़क को 7 मीटर चौड़ा करने के भी निर्देश दिए, ताकि आने-जाने वाले लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

उन्होंने बताया कि नगरोटा के प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर में भी सौंदर्यीकरण के तहत भव्य गेट का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली के “काम किया है, काम करेंगे, झूठे वादे नहीं करेंगे” के नारे को वे आगे बढ़ा रहे हैं और इसे हर स्तर पर साकार करने के लिए संकल्पबद्ध हैं।



