-
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से दिल्ली में मिले आर.एस. बाली
-
कांगड़ा को हिमाचल की “पर्यटन राजधानी” घोषित किए जाने की जानकारी साझा की
-
केंद्रीय मंत्री को हिमाचल, विशेषकर कांगड़ा आने का आमंत्रण दिया
-
केंद्र व राज्य के सहयोग से पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा
Himachal Tourism: हिमाचल प्रदेश में पर्यटन विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार निरंतर केंद्र सरकार से समन्वय कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को हिमाचल पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के अध्यक्ष और कैबिनेट रैंक मंत्री आर.एस. बाली ने दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात मंत्री शेखावत के निवास स्थान पर हुई, जहां दोनों नेताओं के बीच हिमाचल में पर्यटन के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
आर.एस. बाली ने बैठक के बाद जानकारी दी कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा कांगड़ा को “हिमाचल की पर्यटन राजधानी” घोषित किया गया है। इसी संदर्भ में उन्होंने शेखावत को हिमाचल, विशेषकर कांगड़ा आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया, ताकि वह यहां की पर्यटन संभावनाओं का स्वयं अनुभव कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि निमंत्रण पत्र औपचारिक रूप से जल्द ही प्रेषित किया जाएगा।
इस बैठक में राज्य और केंद्र के बीच सहयोग को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ। आर.एस. बाली ने बताया कि हिमाचल के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और साहसिक पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने भी हिमाचल प्रदेश को भारत की पर्यटन पहचान का अभिन्न हिस्सा बनाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न पर्यटन योजनाओं में हिमाचल की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
इस मुलाकात को दोनों सरकारों के बीच बेहतर पर्यटन समन्वय और भविष्य की योजनाओं के द्वार खोलने वाला कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल हिमाचल का पर्यटन उद्योग सशक्त होगा, बल्कि इससे स्थानीय रोजगार और आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।