- हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी, कई जिलों में अलर्ट।
- शिमला, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी।
- कुल्लू, लाहौल, चंबा, किन्नौर में हिमखंड गिरने का अलर्ट, ऊना में तापमान 24.2 डिग्री।
Snowfall and rain alert: हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर, चंबा और सिरमौर के ऊंचे इलाकों में शुक्रवार से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। शिमला, कांगड़ा और अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई है। 16 मार्च को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 17, 19 और 20 मार्च को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शिमला, सोलन, सिरमौर और बिलासपुर जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 18 और 21 मार्च को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। कुल्लू, लाहौल, चंबा, किन्नौर और जम्मू-कश्मीर के लिए हिमखंड गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
प्रदेश में न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में सबसे कम -2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में -2.1 और ताबो में -0.8 डिग्री रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान के लिहाज से ऊना में 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नाहन में 23.3, बिलासपुर में 22.9, कांगड़ा में 19.9, मंडी में 19.8, शिमला में 13.0 और केलांग में 0.6 डिग्री दर्ज किया गया।



