Follow Us:

24 मई को पीएम मोदी से मिलेंगे सुक्खू, सेब आयात पर रोक की मांग

|

  • सीएम सुक्खू ने शिमला के सद्भावना चौक में राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी

  • राजीव गांधी की सोच को हिमाचल सरकार की योजनाओं से जोड़कर बताया गया प्रेरणास्रोत

  • 24 मई को सीएम प्रधानमंत्री से करेंगे सेब आयात पर प्रतिबंध की मांग


CM Sukhvinder Sukhu: पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि पर आज पूरे देश में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला के सद्भावना चौक, छोटा शिमला में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, और उनकी दूरदर्शी सोच ने ही आज के डिजिटल और आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी द्वारा शुरू की गई सूचना क्रांति ने देश को 21वीं सदी के लिए तैयार किया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण, नवोदय विद्यालयों की स्थापना, और पर्यावरण संरक्षण जैसे कदमों को भी राजीव गांधी की दूरदृष्टि का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ‘राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल’, ‘राजीव गांधी टैक्सी योजना’ जैसी योजनाएं उन्हीं के विजन को आगे बढ़ा रही हैं, जो शिक्षा, रोजगार और सतत विकास की दिशा में कार्य कर रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेब आयात के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि 24 मई को दिल्ली में होने वाले मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन के बाद वे स्वयं प्रधानमंत्री से मुलाकात कर तुर्की से आयात किए जा रहे सेब पर प्रतिबंध लगाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि हर वर्ष आयातित सेब के कारण हिमाचल के बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, और प्रदेश सरकार इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के समक्ष ठोस पक्ष रखेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री धनी राम शांडिल, कैबिने ट  मंत्री रैंक आरएस बाली,   मंत्री विक्रमादित्य सिंह, महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षदगण व अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और सभी ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि पर छोटा शिमला स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।