Follow Us:

14वीं बार जेल से बाहर आया राम रहीम, 40 दिन की पैरोल

➤ जेल से बाहर आया राम रहीम
➤ 40 दिन की पैरोल पर सिरसा डेरे पहुंचा
➤ 14वीं बार मिली पैरोल या फरलो



डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। हरियाणा की सुनारिया जेल, रोहतक में बंद राम रहीम को इस बार 40 दिन की पैरोल मिली है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच वह सिरसा स्थित अपने डेरे के लिए रवाना हुआ। यह 14वीं बार है जब उसे पैरोल या फरलो के माध्यम से जेल से बाहर आने की अनुमति मिली है।

गौरतलब है कि राम रहीम रेप और हत्या के मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है और 20 साल की सजा काट रहा है। इससे पहले 9 अप्रैल 2025 को उसे 21 दिन की फरलो मिली थी, तब भी वह सिरसा डेरे में ही रहा था और डेरे का स्थापना दिवस मनाया था।

इस बार सूत्रों के मुताबिक, राम रहीम अपना 58वां जन्मदिन, जो 15 अगस्त को है, डेरे में रहकर मनाना चाहता है। हालांकि प्रशासन ने उसे भीड़ जमा करने की अनुमति नहीं दी है। उसे केवल वर्चुअल माध्यम से अपने अनुयायियों को संबोधित करने की इजाजत होगी।

राम रहीम का काफिला दो बुलेट प्रूफ लैंड क्रूजर, दो फॉर्च्यूनर और अन्य सुरक्षा गाड़ियों के साथ सिरसा पहुंचा। रोहतक जेल प्रशासन ने इस बार उसे गुपचुप तरीके से सिरसा रवाना किया, और वह इस बार बागपत के बरनावा नहीं गया है, जहाँ वह पहले कई बार गया करता था।