-
देहरा उपमंडल के बढहु गांव में करंट लगने से 65 वर्षीय बलदेव सिंह की दर्दनाक मौत
-
बलदेव सिंह थे एचआरटीसी से सेवानिवृत्त, सुबह पशुशाला में काम करते समय हुआ हादसा
-
मृतक के बेटे को दुबई से दी गई सूचना, परिवार व गांव में छाया मातम
जसवां, परागुपर: गौरव सेठी: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल स्थित जसवा प्रागपुर क्षेत्र के बढहु गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 65 वर्षीय बलदेव सिंह की पशुशाला में करंट लगने से मौत हो गई। बलदेव सिंह एचआरटीसी से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और रोज की तरह रविवार सुबह अपने पशुओं की देखभाल के लिए पशुशाला गए थे। वहीं किसी अज्ञात विद्युत स्रोत के संपर्क में आने से उन्हें करंट लग गया, जिससे उनकी मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव देहरा अस्पताल भेजा गया है। परिजनों के अनुसार, बलदेव सिंह का बेटा वर्तमान में दुबई में नौकरी करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई थी। वह आज गांव पहुंच रहा है, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गांव के लोगों और परिवारजनों में इस हादसे को लेकर गहरा शोक है। बलदेव सिंह एक मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, जो समाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से गांव में शोक की लहर है। लोग उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।



