-
राजस्थान के सेवानिवृत्त अधिकारी से हुई 94.30 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी
-
व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट इन्वेस्टमेंट का लालच देकर शातिरों ने रकम हड़पी
-
धर्मशाला साइबर क्राइम थाना में केस दर्ज, 50 लाख रुपये की राशि फ्रीज करने की प्रक्रिया
Cyber Crime Dharamshala: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के साथ लगते सिद्धबाड़ी क्षेत्र में रहने वाले राजस्थान के एक सेवानिवृत्त अधिकारी से ऑनलाइन शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर 94.30 लाख रुपये की ठगी की गई है। बताया गया कि पीड़ित अधिकारी अपने ससुराल में रह रहा था और व्हाट्सएप पर मिले फर्जी निवेश प्रस्तावों से प्रभावित होकर यह भारी-भरकम राशि 9 से 10 किस्तों में ठगों को भेज बैठा।
प्रारंभ में शातिरों ने उसे करीब दो लाख रुपये का मुनाफा दिखाया जिससे उनका विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद उसे लगातार तीन करोड़ रुपये तक के लाभ का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में लगातार पैसे जमा करवाए गए। लेकिन जैसे ही रकम करीब 94.30 लाख तक पहुंच गई, शातिर संपर्क से गायब हो गए और पीड़ित को एक रुपये की भी वापसी नहीं हुई।
अब पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना नॉर्थ जोन धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि यह संपूर्ण लेन-देन महज एक महीने की अवधि में हुआ, जिसमें उन्होंने व्हाट्सएप पर आई एक झूठी इन्वेस्टमेंट पोस्ट पर विश्वास कर लाखों की राशि गंवा दी।
इस संबंध में एएसपी प्रवीन धीमान ने पुष्टि करते हुए कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और करीब 50 लाख रुपये की राशि फ्रीज करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के ऑनलाइन निवेश के झांसे में न आएं, विशेषकर व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान लिंक और संदेशों से सतर्क रहें।



