➤ रिवालसर के दो फरार चोर नोएडा मुठभेड़ में पकड़े गए, पुलिस फायरिंग में दोनों घायल
➤ अनिल उर्फ अनु और करण शर्मा उर्फ गोपाल को चोरी के मामले में थी तलाश, नोएडा में रह रहे थे किराए पर
➤ पुलिस पर फायरिंग के बाद मुठभेड़ में गोली लगने से दोनों घायल, तमंचा, नकदी, गहने और बाइक बरामद
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के रिवालसर क्षेत्र से संबंध रखने वाले दो शातिर युवक चोरी के मामले में फरार चल रहे थे, जिन्हें उत्तर प्रदेश के नोएडा पुलिस ने एक मुठभेड़ में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ बीते बुधवार देर रात की है और इसमें दोनों आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए।
आरोपियों की पहचान अनिल उर्फ अनु, निवासी डाकघर रियूर, उप तहसील रिवालसर, और करण शर्मा उर्फ गोपाल, निवासी गांव गदवाहन, डाकघर रिवालसर, जिला मंडी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हिमाचल में चोरी की वारदात के बाद नोएडा भाग गए थे, जहां वे बरौल गांव में किराए पर रह रहे थे।
एडीसीपी नोएडा जोन सुमित कुमार ने बताया कि कोतवाली सैक्टर-49 पुलिस टीम सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास चेकिंग कर रही थी, जब दोनों बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे और पीछा करने पर उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा, नकदी, आभूषण और चोरी में प्रयोग की गई बाइक बरामद की है।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दोनों युवकों के खिलाफ हिमाचल में भी पहले से ही चोरी के मामलों में वारंट जारी थे। अब नोएडा पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हिमाचल पुलिस को भी सूचना दी गई है।



