Follow Us:

टांडा मेडिकल कॉलेज रोबोटिक सर्जरी की सुविधा से लैस, सीएम सुक्खू ने वर्चुअल किया शुभारंभ

टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत
सीएम सुक्खू ने मोहाली एयरपोर्ट से किया वर्चुअल शुभारंभ
मरीजों को मिलेगा सटीक, सुरक्षित और आधुनिक इलाज का लाभ


कांगड़ा, 12 सितम्बर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में रोबोटिक सर्जरी की ऐतिहासिक शुरुआत की। हालांकि मौसम खराब होने के चलते मुख्यमंत्री का कांगड़ा दौरा रद्द करना पड़ा और वह मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ही इस सुविधा का वर्चुअल शुभारंभ करने को मजबूर हुए।

इस दौरान कांगड़ा में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, नगरोटा बगवां के विधायक एवं एचपीटीडीसी चेयरमैन आर.एस. बाली सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना से हुई और इसके बाद मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन जुड़कर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर आर.एस. बाली ने कहा कि “मुख्यमंत्री को लोग बहुत मिस कर रहे हैं।”

रोबोटिक सर्जरी तकनीक आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में एक क्रांतिकारी कदम मानी जाती है। इसके जरिए डॉक्टरों को बेहतर नियंत्रण और सटीकता मिलती है, जिससे ऑपरेशन अधिक सुरक्षित और सफल हो पाते हैं। इसमें छोटे-छोटे चीरे लगाए जाते हैं, जिससे रक्तस्राव और संक्रमण का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। साथ ही मरीज को कम दर्द, जल्दी स्वास्थ्य लाभ और सामान्य जीवन में शीघ्र वापसी की सुविधा मिलती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तकनीक के आने से अब टांडा मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन भी आसानी और सुरक्षा के साथ किए जा सकेंगे। यह पहल न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे उत्तरी भारत के मरीजों के लिए वरदान साबित होगी। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का आधुनिकीकरण करने की दिशा में यह एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।