➤ आईजीएमसी शिमला में जल्द शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी सुविधा
➤ कमला नेहरू अस्पताल के मरीजों के लिए 40 बेड किए जाएंगे आवंटित
➤ प्रदेश सरकार अस्पतालों में अत्याधुनिक स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करा रही है
एआइएमएसएस चमियाणा और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू होने के बाद अब आईजीएमसी शिमला में भी यह अत्याधुनिक सुविधा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार सांय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि आईजीएमसी में कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) के मरीजों की रोबोटिक सर्जरी के लिए 40 बेड आवंटित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य लोगों को विशेषज्ञ और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। इसके लिए अस्पतालों को अत्याधुनिक मशीनरी और तकनीक से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि आईजीएमसी में गाइनी विभाग में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की जाए।
बैठक में गाइनी की रोबोटिक सर्जरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केएनएच के स्त्री रोग विशेषज्ञ न केवल रोबोटिक सर्जरी बल्कि आईजीएमसी में इलेक्टिव सर्जरी भी करेंगे। इसके लिए केएनएच प्रशासन आईजीएमसी में डॉक्टरों की टीम तैनात करेगा ताकि दोनों जगह महिला रोगियों को सुगम और बेहतर इलाज मिल सके।
उन्होंने बताया कि आईजीएमसी में रोबोटिक और इलेक्टिव सर्जरी का तीन माह तक ट्रायल आधार पर प्रयोग किया जाएगा। इसके बाद समीक्षा के बाद आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 25 करोड़ रुपये की लागत से आईजीएमसी में डायग्नोस्टिक लैब स्थापित की जा रही है। कॉलेज प्रशासन को इसके लिए राशि पहले ही जारी कर दी गई है। इस लैब के शुरू होने से केएनएच के स्त्री रोग विशेषज्ञों को भी महिला रोगियों के उपचार में बड़ी सहायता मिलेगी।
बैठक में सचिव स्वास्थ्य एम. सुधा देवी, निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा राकेश शर्मा, तथा कमला नेहरू अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।



