➤ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 4.87 करोड़ की बहुप्रतीक्षित कुड़ी-मोहली सड़क का किया उद्घाटन
➤ 400 करोड़ की लागत से विधानसभा क्षेत्र में 136 सड़कों पर कार्य जारी
➤ 38 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना और रोपवे प्रोजेक्ट से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को कोटखाई क्षेत्र की सीमावर्ती पंचायत गरावग में 4 करोड़ 87 लाख की लागत से बनी कुड़ी-मोहली संपर्क सड़क का उद्घाटन किया। यह बहुप्रतीक्षित सड़क अब ग्रावग, चेवर, कुड़ी, मोहली के अलावा साथ लगती चौपाल तहसील के मडावग क्षेत्र के किसानों और बागवानों को भी लाभ देगी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि गरावग पंचायत से उनका व्यक्तिगत और भावनात्मक जुड़ाव है, और वे यहां के चहुमुखी विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बड़वी, शाऊं, शोषण, पड़शोली गांवों की कच्ची सड़कों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत शीघ्र पक्का किया जाएगा। साथ ही चेवर सड़क निर्माण और गरावग स्कूल भवन निर्माण जैसे कई कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि पूरे जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 400 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 136 सड़क परियोजनाएं पास हो चुकी हैं। इनमें केवल नई सड़कों का निर्माण नहीं, बल्कि मेटलिंग, टारिंग, नालियों और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण भी शामिल है। इसी क्षेत्र में 15 करोड़ की लागत से निर्मित मिनी सचिवालय का लोकार्पण भी हाल ही में किया गया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की बात करते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि कोटखाई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अब एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनता जा रहा है। यहाँ मेडिसिन, गायनी, बच्चों के रोग, आंखों की बीमारियों और अन्य विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही कोटखाई में एक बड़ा ट्रॉमा सेंटर भी शीघ्र निर्माणाधीन है।

मंत्री ने जानकारी दी कि पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना 38 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही है और सितंबर 2025 तक पूरी होकर जनता को समर्पित कर दी जाएगी। इस योजना से क्षेत्र की 20 से अधिक पंचायतों को पीने के पानी की सुविधा प्राप्त होगी।

पर्यटन की दिशा में भविष्य की योजनाओं पर भी रोहित ठाकुर ने जोर दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता के कारण यहाँ पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसी के दृष्टिगत गिरी गंगा से कुपड़ के मध्य रोपवे परियोजना प्रस्तावित है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
अंत में मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को 5000 रुपए और महिला मंडल मोहली की प्रस्तुति के लिए 15000 रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।



