Follow Us:

आरएस बाली ने नगरोटा बगवां में 27 करोड़ की पार्किंग एवं शॉपिंग परिसर का भूमिपूजन

आर.एस. बाली ने नगरोटा बगवां में 27 करोड़ की पार्किंग एवं शॉपिंग परिसर का भूमिपूजन
वीर हैप्पी चौधरी द्वार का रढ चौक में शुभारंभ
➤ परियोजना से पार्किंग समस्या खत्म और युवाओं को रोजगार के अवसर


नगरोटा बगवां, 24 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) तथा स्थानीय विधायक आर.एस. बाली ने आज नगरोटा बगवां में माँ नारदा शारदा मंदिर के समीप लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पार्किंग एवं शॉपिंग परिसर के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।

उन्होंने कहा कि इस शॉपिंग परिसर में दो बड़े सिनेमा हॉल, पार्किंग, शो रूम सहित अन्य आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। यह हिमाचल प्रदेश का पहला सरकारी शॉपिंग मॉल होगा, जो क्षेत्र की पर्यटन एवं व्यापारिक पहचान को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करेगा।

आर.एस. बाली ने बताया कि इस परियोजना के तैयार होने के बाद नगरोटा बगवां बाजार में पार्किंग की समस्या समाप्त होगी और स्थानीय युवाओं के लिए स्व-रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को आधुनिक सुविधाएँ उनके नजदीक ही उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, विभिन्न आईटीआई तथा बड़ोह महाविद्यालय का विकास इस क्षेत्र की प्रगति की तस्वीर साफ दर्शाता है। उन्होंने दोहराया कि सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और वे क्षेत्र में बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क एवं सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इस दौरान आर.एस. बाली ने उपस्थित लोगों की विभिन्न समस्याएं सुनीं और अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया। जबकि शेष समस्याओं के लिए अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत आर.एस. बाली ने नगरोटा बगवां के रढ चौक में निर्मित वीर हैप्पी चौधरी द्वार का विधिवत शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना हमारा राष्ट्रीय दायित्व है। शहीद हैप्पी चौधरी जैसे वीरों के बलिदान को देश सदैव स्मरण रखेगा। यह स्मृति द्वार जनमानस को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए उत्साहित करेगा।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता विकास सूद, एसई बीएम ठाकुर, अधिशासी अभियंता राजीव शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति, एसडीओ विवेक कालिया, एसडीओ विद्युत ईशानी, बीडीओ लतिका, बीएमओ डॉ. रूबी भारद्वाज, नगर परिषद सदस्यों, पंचायती राज प्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।