Follow Us:

समीर रस्तोगी ने वन मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ

  • शिमला में वन मित्र प्रशिक्षण का समीर रस्तोगी ने किया उद्घाटन

  • वन संरक्षण, जैव विविधता और आजीविका से जुड़ी भूमिका पर जोर

  • 1 से 5 मई तक विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित


शिमला। हिमाचल प्रदेश में वन विभाग द्वारा शुरू किए गए वन मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन बल प्रमुख) समीर रस्तोगी द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम शिमला वन वृत्त के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी वन मंडलों के 51 वन मित्रों को लेकर आयोजित किया गया है, जिसमें उन्हें वन संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में समीर रस्तोगी ने वन मित्रों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के युग में वनों का संरक्षण न केवल पर्यावरणीय दृष्टिकोण से जरूरी है, बल्कि इसका सीधा संबंध जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता और स्थानीय समुदायों की आजीविका से भी है। उन्होंने वन मित्रों से आह्वान किया कि वे स्थानीय स्तर पर लोगों को वनों के प्रति जागरूक करें और वृक्षारोपण, वन अग्नि से बचाव, तथा वन्य जीव संरक्षण जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।

वन मित्रों को विभागीय कार्यप्रणाली, वन अग्नि प्रबंधन, नर्सरी संचालन, विविध वृक्षारोपण कार्यक्रम, और समग्र वन प्रबंधन के बारे में 1 मई से 5 मई, 2025 तक वन परिक्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। समापन के अवसर पर रस्तोगी ने वन मित्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वन विभाग के लिए उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और भविष्य में भी विभाग उनसे इसी तरह की निष्ठा और तत्परता की अपेक्षा करता है।