- ग्रेटर नोएडा में सीमा हैदर के घर घुसकर युवक ने किया गला दबाने का प्रयास
- गुजरात से आया आरोपी बोला- ‘सीमा और सचिन ने किया काला जादू’
- हमले के बाद सीमा की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
Seema Haide: राष्ट्रीय राजधानी से सटे ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर पर शनिवार देर शाम एक अज्ञात युवक ने हमला कर दिया। यह युवक जबरन सीमा हैदर के घर में घुस गया और उस पर हाथ उठाते हुए गला घोंटने का प्रयास किया। सीमा के शोर मचाने पर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि सीमा हैदर और सचिन ने उसके ऊपर काला जादू किया है। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति की जांच भी करवा रही है।
आरोपी की पहचान तेजस झानी के रूप में हुई है, जो गुजरात के सुरेंद्र नगर जिले का रहने वाला है। वह शनिवार को ट्रेन से दिल्ली पहुंचा और फिर वाहनों के जरिये रबूपुरा आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले दरवाजे पर जोर-जोर से लात मारी और जैसे ही सीमा ने दरवाजा खोला, उसने तुरंत गला पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं, क्योंकि हाल ही में पहलगाम हमले के बाद सीमा हैदर की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चौकसी का दावा किया था।
पुलिस इस हमले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसका इरादा क्या था और क्या इसमें किसी और की संलिप्तता भी है। वहीं, आरोपी को मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है और उसके परिवार को भी सूचना दे दी गई है।



