Follow Us:

शाहपुर में पूर्व सैनिक ने की आत्महत्या, बंदूक से खुद को मारी गोली

➤ शाहपुर में पूर्व सैनिक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
➤ चौली में हाईवे किनारे मिला 46 वर्षीय व्यक्ति का शव
➤ पुलिस ने दोनों मामलों में पोस्टमार्टम के बाद शुरू की जांच



हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शनिवार का दिन दो दर्दनाक घटनाओं के नाम रहा। पहली घटना विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के रिहलू गांव की है, जहां एक पूर्व सैनिक भजनदास ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही स्थानीय लोगों को गोली की आवाज सुनाई दी, उन्होंने तुरंत पुलिस थाना शाहपुर को सूचना दी

थाना प्रभारी करतार चंद के अनुसार, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या की पृष्ठभूमि को समझा जा सके।

दूसरी घटना थाना रक्कड़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत चौली में घटी, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग-3 के किनारे एक व्यक्ति का शव मिला। सुबह एक राहगीर ने अचेत अवस्था में शव को देखा और तुरंत ग्राम पंचायत प्रधान ज्योति धीमान को सूचित किया। इसके बाद रक्कड़ पुलिस को जानकारी दी गई

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 46 वर्षीय रोमी पुत्र प्रकाश चंद, निवासी ग्लोड़, हमीरपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रोमी पिछले 18 वर्षों से अपने ससुराल चौली में रह रहा था और ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करता था।

पुलिस थाना रक्कड़ के प्रभारी संदीप पटियाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेजा गया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।