Follow Us:

शिमला के कसुम्पटी में सरकारी बिल्डिंग में भीषण आग, लाखों का नुकसान

शिमला के कसुम्पटी क्षेत्र में सरकारी रेजिडेंशियल बिल्डिंग में भीषण आग लगी
दमकल की छह गाड़ियों ने सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
शॉर्ट सर्किट से लगी आग में लाखों का नुकसान, जानी हानि नहीं

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कसुम्पटी क्षेत्र में मंगलवार शाम को एक सरकारी आवासीय भवन में भीषण आग लग गई। आग इस बहुमंजिला बिल्डिंग के टॉप फ्लोर में लगी, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

शिमला के कसुम्पटी में आवासीय भवन में आग।

स्थानीय लोगों ने दोपहर बाद करीब चार बजे आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही छोटा शिमला और रिज फायर स्टेशन से छह फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। करीब सवा दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम सवा छह बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि इसके बाद भी हल्का धुआं उठता रहा।

शिमला के कसुम्पटी में आग बुझाते हुए दमकल विभाग के कर्मचारी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी, जो मीटर के पास से फैलना शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने टॉप फ्लोर पर बने थ्री बीएचके सेट को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कमरे, छत और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गए। दूसरा सेट भी आग बुझाने के प्रयास में क्षतिग्रस्त हुआ है।

शिमला के कसुम्पटी में सरकारी भवन में भड़की आग।

बताया जा रहा है कि यह सरकारी मकान जीएडी के एक अधिकारी को अलॉट था। स्थानीय प्रशासन अब नुकसान का आकलन कर रहा है।

आग लगने की खबर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को अन्य बिल्डिंगों में फैलने से रोका गया।