➤ शिमला-किन्नौर एनएच-05 आज रात 12 घंटे बंद रहेगा
➤ निगुलसरी में दलदल हटाने के लिए होगी स्पेशल रिपेयर
➤ लैंडस्लाइड से जूझ रहे क्षेत्र में बाइपास निर्माण का 80% काम पूरा
हिमाचल प्रदेश में शिमला-किन्नौर नेशनल हाईवे-05 आज शुक्रवार शाम 6 बजे से शनिवार सुबह 6 बजे तक पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने जानकारी दी कि एनएच पर निगुलसरी के पास बने दलदल को खत्म करने के लिए स्पेशल रिपेयर वर्क किया जाएगा। इसके तहत सड़क को कंक्रीट से मजबूत बनाया जाएगा ताकि बारिश के दौरान भी ट्रैफिक प्रभावित न हो।
मंत्री ने बताया कि बीते तीन महीनों से निगुलसरी में बार-बार लैंडस्लाइड और चट्टानें गिरने से लोगों और पर्यटकों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। इस वजह से न केवल स्थानीय जनता बल्कि किन्नौर के सेब और मटर उत्पादक किसान, ट्रांसपोर्टर और यहां तक कि आईटीबीपी जवानों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। बीते 15 दिनों से जरूरी खाद्य वस्तुओं की सप्लाई भी बाधित रही, जिससे लोगों को अतिरिक्त मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
जगत नेगी ने बताया कि निगुलसरी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से रात डेढ़-दो बजे तक काम किया गया है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण यहां रिपेयरिंग का काम करना बेहद जोखिमभरा था। इसके बावजूद टीम ने हिम्मत दिखाई और सड़क को अस्थायी रूप से बहाल किया।
उन्होंने बताया कि यहां 3 किलोमीटर लंबा बाइपास भी बनाया जा रहा है, जिसका लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। केवल सतलुज नदी पर पुल का कार्य शेष है। इसके तैयार हो जाने के बाद निगुलसरी में जब भी लैंडस्लाइड होगी, इस बाइपास को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा।



