Follow Us:

शिमला के केएनएच अस्पताल में डिलीवरी के 24 घंटे बाद महिला की मौत


➤ परिजनों ने जबरन चलवाने और लापरवाही का लगाया आरोप
➤ पुलिस मौके पर पहुंची, मौत के कारणों की जांच जारी



हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित कमला नेहरू अस्पताल (KNH) में डिलीवरी के 24 घंटे के भीतर एक महिला की मौत ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक महिला की पहचान 28 वर्षीय अर्चना उर्फ अंजू, पत्नी रविदत्त शर्मा, निवासी गड़ावग फागू, शिमला के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह 11:30 बजे अर्चना की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी और मां-बच्चा दोनों स्वस्थ थे। लेकिन शुक्रवार सुबह 8 बजे अर्चना को एक अन्य बेड पर शिफ्ट करने के लिए कहा गया। परिजनों का आरोप है कि महिला को जबरन पैदल चलवाया गया, जिससे भारी रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हुआ और कुछ ही देर में महिला ने दम तोड़ दिया।

अस्पताल में अर्चना की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, परिजनों के शोक और आक्रोश के बीच पुलिस को मौके पर बुलाया गया। KNH अस्पताल के एमएस डॉ. सुंदर सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह आशंका है कि महिला की मौत दम घुटने से हो सकती है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

अर्चना दो बच्चों की मां थी। पहला बच्चा घर पर अपनी मां की प्रतीक्षा कर रहा था, जबकि दूसरा नवजात अभी अस्पताल में है, जिसकी उम्र 24 घंटे से भी कम है। अर्चना की पहली डिलीवरी भी सिजेरियन से ही हुई थी।

इस दर्दनाक घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं, जहां एक स्वस्थ मानी जा रही महिला की जान महज़ एक लापरवाही से चली गई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।