Follow Us:

शिमला-मंडी रोड वाया तत्तापानी आंशिक रूप से बहाल

20 टन तक भार वाले भारी वाहनों को दी गई अनुमति
सिर्फ साफ मौसम में और सुरक्षा नियमों के साथ चलेगा ट्रैफिक


शिमला: शिमला-मंडी मार्ग वाया तत्तापानी पर स्थित सेल्फी ब्रिज क्षेत्र के पास भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त सड़क को आखिरकार बहाल कर दिया गया है। कई दिनों से इस सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई थी, जिससे आम जनता और कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब एसडीएम सुन्नी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में साफ किया गया है कि मार्ग को आंशिक रूप से खोल दिया गया है।

लोक निर्माण विभाग (एचपीपीडब्ल्यूडी) की रिपोर्ट के अनुसार, घाटी वाले हिस्से पर बड़े पत्थर डालकर सड़क को अस्थायी रूप से सुरक्षित बनाया गया है। विभाग ने बताया कि इस दौरान जलाशय का जलस्तर कम हुआ है और नियमित निरीक्षण में फिलहाल सड़क पर कोई नई विकृति नहीं पाई गई है।

जारी आदेश में कहा गया है कि शिमला-मंडी रोड (तत्तापानी मार्ग) किलोमीटर 39/200 से 52/200 (सेल्फी प्वाइंट से तत्तापानी ब्रिज तक) अब भारी मोटर वाहनों (HMVs) के लिए खोल दी गई है। लेकिन इसके लिए शर्त रखी गई है कि केवल 20 टन तक भार वाले वाहन ही इस मार्ग से गुजर सकेंगे और वह भी सिर्फ साफ मौसम में। चालकों को मानक यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा।

इस आदेश की प्रति उपायुक्त शिमला, एचपीपीडब्ल्यूडी सुन्नी, एचआरटीसी शिमला-करसोग के रीजनल मैनेजर और एसएचओ सुन्नी को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

यह निर्णय क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, क्योंकि लंबे समय से मार्ग बंद रहने से परिवहन, आपूर्ति और स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह बहाली अस्थायी है और मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।