➤ एचआरटीसी अधिकारियों से बैठक के बाद निजी बस ऑपरेटरों ने हड़ताल खत्म की
➤ मंगलवार से सभी निजी बसें रूटों पर फिर चलेंगी
➤ 18 रूटों का संचालन अब आईएसबीटी से होगा, बाकी पर प्रशासन लेगा निर्णय
शिमला। निजी बस ऑपरेटरों और एचआरटीसी अधिकारियों के बीच सोमवार शाम चली डेढ़ घंटे की लंबी बैठक के बाद आखिरकार गतिरोध खत्म हो गया है। बैठक में प्रशासन की ओर से मिले आश्वासनों के बाद निजी बस परिचालक-चालक संघ ने अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। अब मंगलवार से शहर में सभी निजी बसें फिर से रूटों पर चलेंगी, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।
बैठक एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें निजी बस ऑपरेटर संघ के पदाधिकारी भी शामिल रहे। बैठक के दौरान निगम ने निर्णय लिया कि 18 रूटों का संचालन बुधवार से पुराने बस स्टैंड की जगह आईएसबीटी से किया जाएगा।
वहीं, अन्य रूटों को लेकर जिला प्रशासन के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस दौरान एमडी एचआरटीसी ने उपायुक्त शिमला को पत्र लिखकर वर्ष 2011 की अधिसूचना के तहत स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इस मसले पर सभी स्टेक होल्डर्स की संयुक्त बैठक आयोजित की जाए ताकि विवाद का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
बैठक में डीएम एचआरटीसी देवासेन नेगी, आरटीओ शिमला अनिल कुमार शर्मा और निजी बस ऑपरेटर संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



