➤ शिमला में स्कूल की बोलेरो 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, बड़ा हादसा टला
➤ प्रिंसिपल और 8 बच्चों को मामूली चोटें, सभी खतरे से बाहर
➤ प्रशासन ने घायलों को दी त्वरित आर्थिक सहायता
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल पनोही की बोलेरो वाहन, जिसमें स्कूल के प्रिंसिपल और 8 बच्चे सवार थे, अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि इस दर्दनाक हादसे में किसी की भी जान नहीं गई और सभी को सिर्फ मामूली चोटें आईं।
घटना बुधवार सुबह नेहरा गांव के पास पनियाली में हुई, जब बोलेरो बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। अचानक ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया और गाड़ी सड़क से नीचे खाई में लुढ़क गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और सभी घायलों को निकालकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलोग धामी पहुंचाया गया।
वाहन में सवार प्रिंसिपल देवी चंद शर्मा समेत सभी बच्चे घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार सभी खतरे से बाहर हैं। हालांकि, 3 बच्चों और प्रिंसिपल को बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पंचायत प्रधान मीरा शर्मा, धामी चौकी इंचार्ज राजेंद्र पाल, विकास जमवाल और नायब तहसीलदार राकेश शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
प्रशासन ने त्वरित राहत राशि जारी की। प्रिंसिपल को 5,000 रुपये और प्रत्येक बच्चे को 2,000 रुपये की सहायता दी गई है। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है, लेकिन बच्चों की सुरक्षित स्थिति से लोगों ने राहत की सांस ली है।



