Follow Us:

शिमला ग्रीष्मोत्सव 1 से 5 जून तक: बॉलीवुड, पंजाबी और हिमाचली कलाकार बांधेंगे समा

  • 1 से 5 जून तक शिमला में आयोजित होगा वार्षिक ग्रीष्मोत्सव

  • बॉलीवुड, पंजाबी, हिमाचली कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

  • ‘ड्रग्स के खिलाफ अभियान’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ थीम पर आधारित होंगी गतिविधियां


Shimla Summer Festival 2025: शिमला के प्रतिष्ठित ग्रीष्मोत्सव का आयोजन इस वर्ष 1 से 5 जून तक बड़े धूमधाम से किया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड, पंजाबी और हिमाचली कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां दर्शकों को भरपूर मनोरंजन का अवसर प्रदान करेंगी। इस आयोजन की जानकारी उपायुक्त एवं शिमला ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने दी।

उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान रिज मैदान को रंगीन रोशनी से सजाया जाएगा और प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम मेला क्षेत्र में होंगे। मुख्य मंच पर हर दिन सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी जिनमें कई नामचीन कलाकार हिस्सा लेंगे।

सांस्कृतिक संध्याओं का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा


  • पहली सांस्कृतिक संध्या: बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर निधि रस्तोगी की प्रस्तुति

  • दूसरी संध्या: हास्य कवि सम्मेलन जिसमें अरुण जैमिनी, सुरेंद्र शर्मा, चिराग जैन, शंभू चौधरी, वेद प्रकाश और डॉ. सीता सागर अपनी कविताएं सुनाएंगे

  • तीसरी संध्या: हिमाचली संध्या – हनी नेगी और गीता भारद्वाज के गीत

  • चौथी संध्या: फिरदौस बैंड और इंडियन आइडल फेम कुमार साहिल की प्रस्तुति

  • पांचवी व अंतिम संध्या: इंडियन आइडल फेम नेहा दीक्षित, वॉइस ऑफ शिमला विजेता अंजलि नानक और मशहूर पंजाबी गायक अखिल का धमाकेदार शो

राष्ट्रीय सांस्कृतिक रंग भी बिखेरेंगे रंग


उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला की ओर से हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां भी उत्सव का हिस्सा होंगी। इसके अलावा, स्थानीय बैंड और सांस्कृतिक समूह भी एम्फीथियेटर और पुलिस रिपोर्टिंग रूम के सामने मंच पर प्रस्तुति देंगे।

सामाजिक संदेश भी रहेगा केंद्र में


इस वर्ष ग्रीष्मोत्सव की थीम “ड्राइव अगेंस्ट ड्रग्स” और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” होगी। इसी उद्देश्य से रोजाना दोपहर 3 बजे महानाटी, टेबल टेनिस प्रतियोगिता (इंदिरा गांधी खेल परिसर में), फ्लावर शो, बेबी शो, निबंध लेखन, नारा लेखन व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं** आयोजित की जाएंगी। कुपवी और डोडरा-क्वार जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से भी छात्र इसमें भाग लेंगे।