➤ राजधानी शिमला के व्यापारियों ने व्यापार मंडल चुनाव की मांग तेज की
➤ शहरभर में चलाया जा रहा है हस्ताक्षर अभियान, व्यापारी दिखा रहे एकजुटता
➤ लोअर बाजार के व्यापारियों ने अलग संगठन बनाने की भी रखी मांग
राजधानी शिमला के व्यापारियों में इन दिनों व्यापार मंडल चुनाव को लेकर जोरदार हलचल मची हुई है। मौजूदा शिमला व्यापार मंडल का कार्यकाल करीब एक वर्ष पहले समाप्त हो चुका है, लेकिन अब तक नए चुनाव नहीं करवाए गए हैं। इसको लेकर अब शहर के व्यापारी चुनाव करवाने की मांग पर अड़ गए हैं।
व्यापारियों ने दुकानदारों की राय जानने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। यह अभियान शहर के विभिन्न बाजारों — माल रोड, लक्कड़ बाजार, राम बाजार और लोअर बाजार में चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी इस मांग का समर्थन कर सकें।
इसी बीच लोअर बाजार के व्यापारियों ने अलग से व्यापार मंडल बनाने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि माल रोड, लक्कड़ बाजार और राम बाजार के व्यापारी पहले ही अपने अलग संगठन बना चुके हैं, इसलिए लोअर बाजार के लिए भी स्वतंत्र संगठन होना चाहिए, जो स्थानीय व्यापारिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सके।
व्यापार मंडल शिमला के पूर्व प्रधान इंद्रजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान व्यापार मंडल का कार्यकाल काफी समय पहले समाप्त हो गया है, लेकिन चुनाव न होने से संगठन निष्क्रिय हो गया है। इससे व्यापार से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं और उनका समाधान नहीं हो पा रहा।
उन्होंने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि शिमला व्यापार मंडल के चुनाव जल्द करवाए जाएं, ताकि नया प्रतिनिधि मंडल चुना जा सके और व्यापारिक हितों की आवाज को प्रभावी रूप से उठाया जा सके।
इंद्रजीत सिंह ने यह भी कहा कि यदि जल्द चुनाव नहीं करवाए गए, तो व्यापारी आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।



