- हिमाचल के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार
- एसआईटी ने गुरुदासपुर में दबोचा, दूसरा आरोपी अब भी फरार
- आरोपी से पूछताछ में बड़े खुलासे होने की संभावना, पुलिस जांच में जुटी
Bamber Thakur firing case: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पंजाब के गुरुदासपुर से पकड़ा और उसे आज रात तक बिलासपुर लाया जाएगा। हालांकि, इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पूर्व विधायक पर हमला किसके इशारे पर किया गया था। संभावना है कि इस गिरफ्तारी के बाद दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस इससे पहले फायरिंग में शामिल शूटरों की मदद करने वाले चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
गौरतलब है कि होली के दिन दोपहर करीब ढाई बजे बंबर ठाकुर के घर पर चार लोग पहुंचे थे। इनमें से दो लोग आगे बढ़े और पूर्व विधायक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में बंबर ठाकुर, उनके पीएसओ और एक समर्थक घायल हो गए थे। बंबर ठाकुर को एक गोली लगी थी, जबकि पीएसओ को दो गोलियां और समर्थक को एक छर्रा लगा था।
फिलहाल, पीएसओ का इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है, जबकि पूर्व विधायक बंबर ठाकुर आईजीएमसी शिमला में भर्ती हैं। इस घटना के बाद 15 मार्च को राज्य सरकार ने डीआईजी सौम्या सांबशिवन की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने बंबर ठाकुर के घर के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की थी, जिसमें दो शूटर स्पष्ट रूप से पहचाने गए थे। गोलीबारी के बाद आरोपी हिमाचल से फरार होने में सफल रहे थे। पुलिस अब दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।