➤ किन्नौर की डॉ. श्वेता नेगी ने AIAPGET-2025 में ST कैटेगरी में देशभर में टॉप किया
➤ 99.69 पर्सेंटाइल के साथ हासिल की शानदार उपलब्धि, ओपन में भी 82वां रैंक
➤ प्रारंभिक शिक्षा रिकांगपिओ से, अब करेंगी आयुर्वेद में मास्टर्स
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की होनहार छात्रा डॉ. श्वेता नेगी ने अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा 2025 (AIAPGET-2025) में देशभर में अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने इस परीक्षा में 99.69 पर्सेंटाइल प्राप्त किए हैं, जो उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
डॉ. श्वेता नेगी किन्नौर के खावंगी (कागरा) गांव से संबंध रखती हैं। उनके पिता वीरेंद्र सिंह नेगी एक शिक्षक हैं जबकि माता सुषमा कुमारी नेगी गृहिणी हैं। उनके इस गौरवमयी प्रदर्शन से पूरा जिला किन्नौर और हिमाचल प्रदेश गर्वित हुआ है।
श्वेता की प्रारंभिक शिक्षा रिकांगपिओ में हुई। उन्होंने 10वीं कक्षा डीएवी स्कूल से और 12वीं कक्षा एसडी पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद श्वेता ने कांगड़ा जिले के पपरोला स्थित राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज से BAMS (बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) की डिग्री प्राप्त की। अब वह आयुर्वेद में मास्टर्स डिग्री करेंगी और इस दिशा में और आगे बढ़ेंगी।
गौरतलब है कि डॉ. श्वेता ने ओपन कैटेगरी में भी ऑल इंडिया 82वां रैंक प्राप्त किया है, जो उनके शैक्षणिक कौशल और प्रतियोगी परीक्षा में मजबूत पकड़ को दर्शाता है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि हिमाचल प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
डॉ. श्वेता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई और शिक्षकों को दिया है और भविष्य में आयुर्वेद के क्षेत्र में योगदान देने की इच्छा जताई है।



