Follow Us:

जुब्बल के डकैड़ में बनेगा SIEMAT, शिक्षा मंत्री ने किया शिलान्यास

डकैड़ में 17.51 करोड़ से SIEMAT भवन का शिक्षा मंत्री ने किया शिलान्यास
200 प्रशिक्षुओं को मिलेगा प्रशिक्षण, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
रामपुरी जातर मेले में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे शिक्षा मंत्री, विकास कार्यों की दी जानकारी



हिमाचल प्रदेश के जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने डकैड़ में स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल मैनेजमेंट एंड ट्रेनिंग (SIEMAT) का शिलान्यास किया। यह संस्थान 17.51 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा और इसमें एक साथ 200 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि यह संस्थान शैक्षिक नियोजन, प्रबंधन, अनुसंधान, प्रशिक्षण और मूल्यांकन के क्षेत्र में प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसका टेंडर आवंटित हो चुका है और कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए सरकार कई अहम फैसले ले रही है, जिसमें शिक्षक व गैर-शिक्षक वर्ग के हज़ारों पदों को भरना, अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक दौरे और नवाचार शामिल हैं।

इसके बाद मंत्री रामपुरी जातर मेला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने देवता साहिब शाड़ी बनाड़ महाराज के मंदिर में पूजा-अर्चना की और पालकी प्रस्थान कार्यक्रम में भाग लिया। मंत्री ने मेला आयोजकों को 50,000 रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि रामपुरी, राठल, महासू और शवाल मेलों को जिला स्तरीय दर्जा दिया गया है, जिससे स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

शिक्षा मंत्री ने जुब्बल में हो रहे विकास कार्यों का ज़िक्र करते हुए बताया कि आईटीआई जुब्बल में 11 करोड़ रुपये की लागत से आजीविका केंद्र का निर्माण हो रहा है। रामपुरी मेला ग्राउंड तक पक्की सड़क और अन्य सड़क परियोजनाएं भी तेज़ी से चल रही हैं। मंत्री ने कहा कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य, हिमफेड निदेशक, युवा कांग्रेस अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कई विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।