Follow Us:

कनाह स्कूल की छात्रा हर्षिता ने नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रदेश में मारी बाज़ी

  • कक्षा आठवीं की छात्रा हर्षिता ने नारा लेखन प्रतियोगिता में पाया प्रदेश में पहला स्थान

  • मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया प्रशस्ति पत्र और नकद इनाम से सम्मानित

  • अशोका इको क्लब को मिला ग्रीन स्कूल लैंड मैनेजर पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र से नवाजा गया


सोलन, शिवानी ठाकुर। राजकीय उच्च विद्यालय कनाह की कक्षा आठवीं की छात्रा हर्षिता ने विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय नारा लेखन प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पीटरहॉफ शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हर्षिता को प्रशस्ति पत्र और ₹3000 का नकद इनाम देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कई पर्यावरण प्रेमी और स्कूली छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे।

इसी समारोह में स्कूल के अशोका इको क्लब को भी ग्रीन स्कूल लैंड मैनेजर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। क्लब को पर्यावरणीय जागरूकता और हरित भूमि प्रबंधन में बेहतरीन योगदान के लिए यह सम्मान मिला है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने क्लब को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

यह पुरस्कार स्कूल की मुख्य अध्यापिका ममता गुप्ता और इको क्लब कोऑर्डिनेटर पवन कुमार ने ग्रहण किया। विद्यालय और स्थानीय समुदाय में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह और गर्व की लहर है।