Follow Us:

हिमाचल के जांबाज सूबेदार मेजर राजेश कुमार का निधन, सैनिक सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए, नमआंखों से विदाई

➤ सूबेदार मेजर राजेश कुमार का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार
➤ पूरे सैनिक सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
➤ हजारों लोगों ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि


हमीरपुर जिला की ग्राम पंचायत भूंपल में रविवार को गमगीन माहौल छा गया जब गांव के वीर पुत्र सूबेदार मेजर राजेश कुमार की पार्थिव देह पैतृक घर पहुंची। रविवार सुबह सेना की गाड़ी में उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया और पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

49 वर्षीय राजेश कुमार ने आठ जैक राइफल में भर्ती होकर देश की सेवा शुरू की थी और वर्तमान में वे मेरठ स्थित 71 एनसीसी में तैनात थे। पिछले कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के सेना अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। लेकिन उपचार के दौरान ही उनका निधन हो गया।

गांव और आसपास की पंचायतों से हजारों लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें विदाई दी। ग्राम पंचायत प्रधान हरीश कुमार ने बताया कि कुछ ही समय पहले राजेश कुमार छुट्टी पर घर आए थे। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र शोकाकुल है।

प्रशासन की ओर से तहसीलदार रोहित कंवर और पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार के समय सेना के जवानों ने सलामी देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।

राजेश कुमार अपने पीछे वृद्ध माता, पत्नी, बेटे और बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी शहादत और जीवनभर का योगदान क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय रहेगा।