Follow Us:

पहले ही मैच में सुजानपुर ने कुंजपुरा को 3-1 से दी शिकस्त

  • अखिल भारतीय सैनिक स्कूल हॉकी टूर्नामेंट-2025 (ग्रुप-ए) का सुजानपुर टिहरा में भव्य शुभारंभ

  • उद्घाटन मैच में सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा ने कुंजपुरा को 3-1 से हराया

  • इस बार टूर्नामेंट में पहली बार छात्राएं भी हो रही हैं शामिल


अखिल भारतीय सैनिक स्कूल चार दिवसीय हॉकी टूर्नामेंट-2025 (ग्रुप-ए) का उद्घाटन सुजानपुर टिहरा के चौगान मैदान में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा उपस्थित रहे। उनका स्वागत सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा की प्राचार्या ग्रुप कैप्टन रचना जोशी, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राजिंदर सिंह, उप-प्राचार्य कमांडर अक्षय साहू, तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने किया।

समारोह की शुरुआत प्रतिभागी स्कूलों की टुकड़ियों द्वारा मार्च-पास्ट और स्कूल बैंड की आकर्षक प्रस्तुति से हुई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने सैनिक स्कूलों को देश के रक्षा बलों की नींव बताते हुए उनके अनुशासनात्मक और नैतिक मूल्यों को सराहा। उन्होंने सुजानपुर टिहरा स्कूल की एनडीए में कैडेट्स भेजने की परंपरा को भी गर्व का विषय बताया।

उद्घाटन के बाद पहले दिन चार रोमांचक मैच खेले गए। अंडर-17 लड़कों के वर्ग में सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा ने सैनिक स्कूल कुंजपुरा को 3-1 से पराजित किया। वहीं अंडर-15 वर्ग में कुंजपुरा ने वुड्स पार्क सैनिक स्कूल बणी, हमीरपुर को 1-0 से हरायासैनिक स्कूल कपूरथला ने नगरोटा को 2-0 से मात दी जबकि अंडर-17 लड़कियों के मुकाबले में नगरोटा और कुंजपुरा के बीच मैच 0-0 से ड्रॉ रहा

गौरतलब है कि सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा पहली बार इस राष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेज़बानी कर रहा है, जिसमें कुल पाँच सैनिक स्कूल भाग ले रहे हैं। इस वर्ष टूर्नामेंट में पहली बार छात्राएं भी भाग ले रही हैं, जो सैन्य शिक्षा में लैंगिक समावेशिता का संकेत है।